उत्तराखण्ड में भाद्रपद माह में शिव और पार्वती से सम्बंधित अनेक उत्सवों मेलों तथा नाटकों का आयोजन किया जाता है. इसके अन्तर्गत वर्षा कालीन कृषि से सम्बंधित एक नाट्योत्सव होता है जो सातूँ-आठूँ पर्व, हिलजात्रा महोत्सव, आठूँ, या गमारा/गमरा/गवँरा/गौरा के नाम से प्रसिद्ध है. आठूँ, अष्टमी या अठ्वाली शब्दों का मूल ‘संस्कृत’ का ‘अष्टम’ तथा ‘अष्टमी’ शब्द है. यहाँ आठूँ से तात्पर्य भाद्रपद माह में पड़ने वाली अष्टमी से है. गमारा गीत, खेल, ठुल-खेल, झोड़ा, चाँचरी, आदि गायन शैलियों का गायन भी इस पर्व की मुख्य विशेषता है. इस पर्व के मुख्य पात्र-हिरणचित्तल, महाकाली, लखियाभूत, बैलों की जोड़ी, गल्याबैल आदि हैं जो इस उत्सव को रंगारंग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. लोकरंजन के क्षेत्र में इस पर्व का महत्वपूर्ण स्थान है. लोक आम जनता के क्रिया-कलापों से उपजा है. लोक से उपजी ऐसी ही एक अनोखी व अद्भुत कल्पना का जीवन्त उदाहरण है - ‘हिरणचित्तल’. यह आठूँ पर्व का मुख्य आकर्षण केन्द्र है. अतः प्रस्तुत शोध पत्र के माध्यम से अष्टपदीय हिरणचित्तल की रूप सज्जा व संरचना का सविस्तार अध्ययन तथा इसके सांगीतिक पक्ष पर प्रकाश डालने का प्रयास किया जा रहा है. मुख्यतः इस पर्व में प्रयोग होने वाले लोक वाद्य दम्वाँ/दमुवा/दमौ/ढोल पर बजने वाली तालों को भी लिपिबद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है.
Kapri, Bhashker Datt. "Lok ki ek Adbhut va Anokhi Kalpana – ‘Ashtpadi Hiranchittal’ (लोक की एक अद्भुत व अनोखी कल्पना- ‘अष्टपदी हिरणचित्तल’)." Sangeet Galaxy, vol. 12, no. 1, pp. 154-162.